Bilaspur News; नशे के कारोबार पर रतनपुर पुलिस का शिकंजा, महिला समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
310 ग्राम गांजा, 100 पाव देशी शराब और कच्ची महुआ शराब जब्त, आरोपियों को भेजा गया जेल

बिलासपुर, 10 जून 2026। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा, देशी शराब और कच्ची महुआ शराब बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह एवं एसडीओपी कोटा नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में रतनपुर थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर यह कार्रवाई की।

पुलिस को मिली सूचना के आधार पर ग्राम बिरगहनी में जयराम गंधर्व के घर छापेमारी की गई, जहां से 12 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। वहीं ग्राम लखराम निवासी देवकुमार उर्फ देवा भारद्वाज के कब्जे से 100 पाव देशी प्लेन शराब, करीब 18 लीटर शराब तथा 2 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की गई।


इसी दौरान ग्राम कलमीटार स्थित दुर्गा मंदिर के पास पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गीता बाई बंजारे नामक महिला को 310 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम एवं एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।








