बिलासपुर में फल कारोबारी की मौत; चाकूबाजी का मामला हत्या में तब्दील, आरोपी रायपुर से गिरफ्तार

बिलासपुर. सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के तिफरा बाजार चौक में हुए सनसनीखेज चाकू हमले के मामले में घायल फल कारोबारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। युवक की मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर जांच तेज कर दी है। वहीं मुख्य आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर बिलासपुर लाया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तिफरा निवासी मनीष गोस्वामी उर्फ केवल रविवार रात अपनी फल दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान दुर्गेश साहू उर्फ सर्किट वहां पहुंचा और उस पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने मनीष के गले समेत शरीर के कई हिस्सों पर वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा।

घटना के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घायल मनीष ने हमलावर का नकाब हटाया, जिससे उसकी पहचान दुर्गेश साहू के रूप में हुई। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल मनीष को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार सुबह उसकी मौत हो गई।

कुछ घंटों में आरोपी गिरफ्तार
वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे रायपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को बिलासपुर लाकर पूछताछ की जा रही है।
पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह!
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतक के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी के परिवार की एक महिला और मृतक के बीच संबंधों को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव था। इसी रंजिश के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है।

पत्नी ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
मृतक की पत्नी पूजा गोस्वामी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि आरोपी पिछले दो-तीन वर्षों से उनके परिवार को लगातार धमकियां दे रहा था। इस संबंध में कई बार शिकायत भी की गई थी, लेकिन समय पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस पहले कार्रवाई करती तो उनके पति की जान बच सकती थी।
इलाके में आक्रोश
तिफरा बाजार चौक में हुई इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।








