ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, सट्टा नेटवर्क को टेक सपोर्ट देने वाला इंजीनियर गिरफ्तार
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। साइबर थाना पुलिस ने एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को गिरफ्तार किया है, जिस पर सट्टेबाजों को आईडी उपलब्ध कराने और पूरे नेटवर्क को तकनीकी सहायता देने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि न्यू शंकरनगर इलाके का एक युवक अपने घर से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के लिए आईडी तैयार कर बेच रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए साइबर टीम ने दबिश दी और आरोपी को पकड़ लिया, हालांकि वह भागने की कोशिश कर रहा था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदर्श कुमार केशरी के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि वह बीटेक पास सॉफ्टवेयर इंजीनियर है और दिल्ली की एक आईटी कंपनी में कार्यरत है। पुलिस जांच में यह भी पता चला कि वर्ष 2025 में वह अपने साथियों के संपर्क में आकर ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़ा और “Win Big Pro” नामक प्लेटफॉर्म का तकनीकी संचालन संभालने लगा, जिसके बदले उसे कमीशन मिलता था।
जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा यह भी हुआ कि आरोपी और उसके सहयोगियों ने ऐसी वेबसाइट विकसित की थी, जिसमें क्रिकेट मैच का डेटा टीवी प्रसारण से लगभग 5 सेकंड पहले दिखता था। इसी तकनीक का इस्तेमाल सट्टेबाज बॉल-टू-बॉल दांव में फायदा उठाने के लिए करते थे।

पुलिस के मुताबिक यह गिरोह अलग-अलग शहरों में सट्टा खेलने वालों को यूजर आईडी उपलब्ध कराता था और बचने के लिए आईडी, पासवर्ड व प्लेटफॉर्म समय-समय पर बदलता रहता था। आरोपी के पास से Samsung S23 और OnePlus के मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच जारी है।
फिलहाल आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।











