CG News: नगर पंचायत चुनाव में भाजपा ने 3 सीटों पर लहराया परचम, सीएम साय बोले- जनहितकारी नीतियों पर जनता की मुहर
CG News: छत्तीसगढ़ में नगरीय निकायों और त्रिस्तरीय पंचायत के उपचुनावों के परिणाम आ गए हैं. इन परिणामों में स्थानीय स्तर पर राजनीतिक तस्वीर साफ होती दिखाई दे रही है. राज्य की पांच प्रमुख नगर पंचायतों में भारतीय जनता पार्टी ने तीन सीटों पर अपना परचम लहराया है, तो वहीं कांग्रेस ने दो सीटों पर जीत दर्ज की है.
भाजपा की जीत पर सीएम ने दी बधाई
नगर पंचायत चुनाव में भाजपा के शानदार प्रदर्शन पर सीएम विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से प्रदेश की जनता का आभार व्यक्त किया है. उन्होंने लिखा कि, नगर पंचायत निर्वाचन में भारतीय जनता पार्टी को मिले शानदार जनादेश के लिए प्रदेश की जनता का हार्दिक आभार.

सहसपुर लोहारा, बम्हनीडीह और शिवनंदनपुर नगर पंचायतों में भाजपा प्रत्याशियों की विजय प्रदेशवासियों के सुशासन, विकास और जनकल्याण के प्रति विश्वास का प्रतीक है.
जनहितकारी नीतियों पर जनता की मुहर – सीएम
सीएम साय ने आगे लिखा कि यह परिणाम स्पष्ट संकेत है कि छत्तीसगढ़ की जनता विकास, सुशासन और जनकल्याण की राजनीति पर अपना विश्वास लगातार मजबूत कर रही है. भाजपा प्रत्याशियों की विजय जनता के विश्वास और हमारे कर्मठ कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का प्रतिफल है.

यह जीत भाजपा के देवतुल्य कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत, संगठन की शक्ति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही जनहितकारी नीतियों पर जनता की मुहर है. जनता का यह विश्वास हमें और अधिक समर्पण, जवाबदेही और सेवा भाव के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है. उन्होंने आगे लिखा कि सभी विजयी जनप्रतिनिधियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप सभी जनसेवा और विकास के नए मानक स्थापित करेंगे.











