रतनपुर में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई, 180 क्विंटल अमानक खाद जब्त, कई प्रतिष्ठानों को नोटिस

बिलासपुर जिले में खरीफ सीजन से पहले किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद और बीज उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग लगातार निगरानी कर रहा है। इसी क्रम में रतनपुर क्षेत्र में की गई जांच के दौरान विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक प्रतिष्ठान से 180 क्विंटल अमानक उर्वरक जब्त किया है।
कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम ने रतनपुर और आसपास के क्षेत्रों में खाद-बीज विक्रेताओं तथा सहकारी समितियों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अभिलेख संधारण, भंडारण और विक्रय संबंधी कई अनियमितताएं सामने आईं।

निरीक्षण के दौरान सेवा सहकारी समिति चपोरा, सेवा सहकारी समिति रतनपुर, महेश्वरी कृषि केंद्र, उन्नत कृषि सेवा केंद्र तथा अन्य कृषि प्रतिष्ठानों की जांच की गई। दस्तावेजों और स्टॉक के मिलान में गड़बड़ियां मिलने पर संबंधित संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जांच के दौरान रतनपुर स्थित एक खाद विक्रेता के यहां बड़ी मात्रा में एनपीके उर्वरक का स्टॉक गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया। इसके बाद करीब 180 क्विंटल खाद के विक्रय पर तत्काल रोक लगाते हुए उसे जब्त कर लिया गया। विभाग ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि किसानों को खराब गुणवत्ता वाले कृषि आदान उपलब्ध कराना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। विभाग ने सभी खाद और बीज विक्रेताओं को निर्धारित नियमों का पालन करने तथा रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए हैं।
उप संचालक कृषि पी.डी. हथेश्वर ने कहा कि किसानों के हितों की सुरक्षा विभाग की प्राथमिकता है। यदि कहीं भी अमानक खाद, बीज या अन्य कृषि सामग्री की बिक्री पाई जाती है तो संबंधित व्यक्ति या संस्था के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के खाद विक्रेताओं में हड़कंप की स्थिति है, वहीं किसानों ने भी जांच अभियान का स्वागत करते हुए नियमित निरीक्षण की मांग की है।









