सुशासन तिहार के मंच पर भ्रष्टाचार बेनकाब: ACB ने 40 हजार की रिश्वत लेते कर्मचारी को दबोचा

कोरबा जिले के पोड़ी उपरोड़ा विकासखंड के तुमान में आयोजित सुशासन तिहार के समाधान शिविर के दौरान एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक ग्रेड-2 कर्मचारी प्रदीप मिश्रा को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
जानकारी के मुताबिक, सेवानिवृत्त शिक्षक अमृतलाल बघेल अपनी जीपीएफ पासबुक में कटौती संबंधी एंट्री दर्ज कराने के लिए लंबे समय से कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे। आरोप है कि काम करने के एवज में कर्मचारी प्रदीप मिश्रा ने उनसे 40 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। परेशान होकर शिक्षक ने इसकी शिकायत बिलासपुर ACB से की।

शिकायत के सत्यापन के बाद ACB ने डीएसपी अजीत सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की। शुक्रवार को समाधान शिविर के दौरान टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
अचानक हुई कार्रवाई से शिविर स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सरकारी कर्मचारियों में भी हड़कंप मच गया। ACB की टीम आरोपी को अपने साथ ले गई, जहां उससे पूछताछ की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी का नाम पहले भी वित्तीय अनियमितताओं से जुड़े मामलों में सामने आ चुका है। उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी हुई थी, लेकिन वह अब तक पद पर बना हुआ था।
इस कार्रवाई के बाद सरकारी कार्यालयों में व्याप्त रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार को लेकर फिर सवाल उठने लगे हैं। ACB अधिकारियों ने कहा है कि भ्रष्टाचार के मामलों में शिकायत मिलने पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।










