रजिस्ट्री के बाद नहीं दिए 1.90 करोड़ रुपये, जमीन अपने नाम कराकर फरार हुआ खरीदार; धोखाधड़ी का केस दर्ज

बिलासपुर, 29 मई 2026. बिलासपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में जमीन खरीद-बिक्री के नाम पर करोड़ों रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक व्यक्ति ने करीब 1.90 करोड़ रुपये की जमीन की रजिस्ट्री और नामांतरण अपने नाम करा लिया, लेकिन तय राशि का भुगतान नहीं किया।
जानकारी के अनुसार, गोंडपारा स्थित साईं मंदिर के पास रहने वाली 60 वर्षीय मंजुलता आनंद की तालापारा क्षेत्र में स्थित पैतृक जमीन का सौदा 1 करोड़ 90 लाख 86 हजार रुपये में हुआ था। जमीन खरीदने वाले अंकित कुमार एक्का ने पूरा भुगतान करने का भरोसा दिलाते हुए 19 मार्च को रजिस्ट्री कराई। रजिस्ट्री दस्तावेजों में भुगतान के लिए चार चेक दिए जाने का उल्लेख भी किया गया था।

पीड़िता का आरोप है कि रजिस्ट्री पूरी होने के बाद आरोपी ने न तो कोई रकम दी और न ही चेक सौंपे। कई बार संपर्क करने की कोशिश के बावजूद आरोपी टालमटोल करता रहा और बाद में फोन उठाना भी बंद कर दिया। आरोप है कि रजिस्ट्री के बाद उसने राजस्व अधिकारियों को गुमराह कर जमीन का नामांतरण भी अपने नाम पर करा लिया।
करीब दो महीने तक भुगतान का इंतजार करने के बाद मंजुलता आनंद ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी अंकित कुमार एक्का के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस रजिस्ट्री दस्तावेजों, भुगतान संबंधी रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में मामला विश्वास में लेकर जमीन अपने नाम कराने और भुगतान से बचने का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संपत्ति का हस्तांतरण करने से पहले भुगतान की पूरी प्रक्रिया सुनिश्चित कर लें।










