भारतमाला मुआवजा घोटाले में ED की बड़ी कार्रवाई, 12.78 करोड़ की 62 संपत्तियां अटैच; 14 आरोपियों के खिलाफ पूरक शिकायत दाखिल

रायपुर, 3 अगस्त 2026। भारतमाला परियोजना से जुड़े कथित मुआवजा घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12.78 करोड़ रुपये मूल्य की 62 चल एवं अचल संपत्तियों को प्रोविजनली अटैच किया है। इसके साथ ही एजेंसी ने जय प्रकाश गांधी समेत 14 आरोपियों के खिलाफ विशेष अदालत में पूरक अभियोजन शिकायत (Supplementary Prosecution Complaint) भी दाखिल की है।
ईडी की जांच में सामने आया है कि भूमि अधिग्रहण के दौरान अधिक मुआवजा हासिल करने के उद्देश्य से जमीन का कृत्रिम बंटवारा किया गया। आरोप है कि गिफ्ट डीड और परिवार के सदस्यों के नाम पर जमीन का हस्तांतरण कर भूमि अधिग्रहण के नियमों का दुरुपयोग किया गया, जिससे सरकारी मुआवजे की राशि कई गुना बढ़ाई जा सके।

जांच एजेंसी के अनुसार, कथित तौर पर अवैध तरीके से अर्जित धनराशि का निवेश शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड और विभिन्न अचल संपत्तियों में किया गया। इसी आधार पर इन संपत्तियों को धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत अस्थायी रूप से कुर्क (प्रोविजनली अटैच) किया गया है।
ईडी इस मामले में राजस्व अधिकारियों, भूमि दलालों और अन्य संबंधित लोगों की कथित मिलीभगत की भी जांच कर रही है। एजेंसी का कहना है कि जांच अभी जारी है और आगे भी इस मामले में नई गिरफ्तारियां और संपत्ति कुर्की जैसी कार्रवाई हो सकती है।









