CG में दिनदहाड़े वारदात: पंखा खरीदने के बहाने दुकान में घुसे युवक, संचालक पर हमला कर मोबाइल लूटकर फरार

बिलासपुर। शहर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल गांधी चौक में दिनदहाड़े लूट की घटना ने व्यापारियों और स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ा दी है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान में दो युवकों ने पंखा खरीदने के बहाने प्रवेश किया और दुकान संचालक पर हमला कर मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
मिली जानकारी के अनुसार, गांधी चौक स्थित अविनाश इलेक्ट्रॉनिक में दो युवक ग्राहक बनकर पहुंचे थे। वे पंखा खरीदने के संबंध में दुकान संचालक अविनाश चौधरी से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक दोनों युवकों ने दुकान में रखे पंखे से उन पर हमला कर दिया। हमले में अविनाश चौधरी को चोटें आईं।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी संचालक का मोबाइल फोन लेकर मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस वारदात से आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसके बाद सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपियों की गतिविधियां आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई हैं। पुलिस फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

दिनदहाड़े हुई इस घटना ने बाजार क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।










