Bilaspur News; चाकू से वार कर फरार हुआ आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किया धारदार हथियार

बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में मारपीट के दौरान चाकू से हमला कर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू भी बरामद किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 6 सितंबर 2026 को आरोपी कृष्णा ध्रुव ने मारपीट के दौरान प्रार्थी पर चाकू से वार किया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। आगामी त्योहारों को देखते हुए सिरगिट्टी पुलिस क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार अभियान चला रही थी। इस दौरान बदमाशों, नशाखोरी, चाकूबाजी में शामिल लोगों और पुराने मामलों में फरार आरोपियों पर विशेष नजर रखी जा रही थी।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेरा
इसी अभियान के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चाकू से हमला करने का आरोपी कृष्णा ध्रुव क्षेत्र में मौजूद है। सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस की टीम ने तत्काल घेराबंदी की और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ करने के साथ उसकी तलाशी ली। इस दौरान उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने हथियार को जब्त कर आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की।

21 साल का है आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष्णा ध्रुव पिता दुजराम ध्रुव, उम्र 21 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 09 नयापारा, थाना सिरगिट्टी, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 658/2026 में धारा 296, 115(2), 351(3) बीएनएस तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया।

चाकूबाजों और बदमाशों पर पुलिस की नजर
आगामी त्योहारों के मद्देनजर सिरगिट्टी पुलिस ने क्षेत्र में निगरानी और कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने, नशाखोरी, चाकूबाजी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।









