CG में स्वाइन फ्लू की दस्तक; 2 साल 11 माह की बच्ची में H1N1 की पुष्टि, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

दुर्ग, 22 अगस्त 2026। जिले में स्वाइन फ्लू (H1N1) का पहला पुष्ट मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। एक निजी अस्पताल में भर्ती 2 वर्ष 11 माह की बच्ची में स्वाइन फ्लू वायरस की पुष्टि हुई है। बच्ची का उपचार विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में जारी है और स्वास्थ्य विभाग उसकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
सिविल सर्जन डॉ. आशीषन कुमार मिंज ने बताया कि बच्ची को तेज बुखार और फ्लू जैसे लक्षणों के चलते दो दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था। प्रारंभिक जांच में स्वाइन फ्लू की आशंका होने पर उसका आरटी-पीसीआर टेस्ट कराया गया। जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद H1N1 संक्रमण की पुष्टि हुई।

संक्रमण रोकने स्वास्थ्य विभाग की सक्रियता बढ़ी
मामले की पुष्टि होते ही स्वास्थ्य विभाग ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। विभाग की टीम संक्रमित बच्ची के घर और आसपास के क्षेत्र में सर्वे कर रही है। संक्रमण के संभावित प्रसार को रोकने के लिए परिवार के अन्य सदस्यों के भी सैंपल लेकर जांच कराई गई है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त कदम भी उठाए जाएंगे।

ये हैं स्वाइन फ्लू के प्रमुख लक्षण
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार स्वाइन फ्लू के मरीजों में सामान्य फ्लू जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। इनमें तेज बुखार, लगातार खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द और कमजोरी, सांस लेने में तकलीफ, सिरदर्द और थकान जैसे लक्षण प्रमुख हैं।
लक्षण दिखें तो तुरंत कराएं जांच
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति में फ्लू जैसे लक्षण दिखाई दें तो वह लापरवाही न बरते और तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल में जांच कराए।

जिले में स्वाइन फ्लू का यह पहला मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग विशेष सतर्कता बरत रहा है। अधिकारियों ने लोगों से भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतने, स्वच्छता का ध्यान रखने और लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।








