नवा रायपुर में जुटे 132 गोल्फर, कपिल देव की मौजूदगी में CM साय का बड़ा ऐलान – छत्तीसगढ़ बनेगा देश का अगला गोल्फ डेस्टिनेशन!
डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ की ट्रॉफी का अनावरण, CM साय ने खुद लगाया शानदार शॉट; 18 विदेशी खिलाड़ी भी टूर्नामेंट में शामिल

रायपुर, 15 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ अब सिर्फ क्रिकेट, हॉकी और तीरंदाजी के मैदान में ही अपनी पहचान नहीं बना रहा, बल्कि प्रोफेशनल गोल्फ के नक्शे पर भी तेजी से जगह बना रहा है। नवा रायपुर में आयोजित ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ ने प्रदेश को देश-दुनिया के गोल्फ जगत की नजरों में ला दिया है।
नवा रायपुर स्थित फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया। इस दौरान 1983 विश्वकप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और पीजीटीआई अध्यक्ष कपिल देव की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया।

सबसे खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री साय ने खुद गोल्फ कोर्स पर हाथ आजमाया और शानदार शॉट लगाकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
132 प्रोफेशनल गोल्फर… 18 खिलाड़ी विदेशों से
‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ में देश-विदेश के 132 प्रोफेशनल गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 18 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इतने बड़े स्तर के प्रोफेशनल गोल्फ टूर्नामेंट का नवा रायपुर में होना छत्तीसगढ़ के लिए गौरव की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में यह प्रतियोगिता छत्तीसगढ़ की नई पहचान बनेगी और नवा रायपुर को देश के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगी।
CM साय का विजन—दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता की कतार में आए छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोल्फ अब सिर्फ चुनिंदा लोगों तक सीमित खेल नहीं रह गया है। इसका दायरा लगातार बढ़ रहा है और छत्तीसगढ़ में भी इस खेल की बड़ी संभावनाएं हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गोल्फ को बढ़ावा देने, सुविधाओं का विस्तार करने और बड़े प्रोफेशनल टूर्नामेंट आयोजित कराने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि जिस तरह दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता गोल्फ के प्रमुख केंद्रों के रूप में पहचाने जाते हैं, उसी तरह आने वाले समय में छत्तीसगढ़ भी देश के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।
‘फिल्मों में देखते थे गोल्फ, आज खुद करा रहे टूर्नामेंट’
मुख्यमंत्री साय ने गोल्फ से जुड़ी अपनी पुरानी याद साझा करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब लोग गोल्फ के बारे में केवल सुनते थे या फिल्मों में इसे खेलते हुए देखते थे। आज छत्तीसगढ़ में प्रोफेशनल गोल्फ का इतना बड़ा आयोजन होना प्रदेश में बदलती खेल संस्कृति का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल बड़े आयोजन कराना नहीं, बल्कि प्रदेश की प्रतिभाओं को प्रशिक्षण, संसाधन और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर देना भी है।
खेलों के लिए बढ़ रहा इंफ्रास्ट्रक्चर
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल अधोसंरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है। ‘मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन’ के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में खेलों को लेकर सकारात्मक वातावरण तैयार किया जा रहा है।
नेशनल ट्राइबल गेम्स, बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के हजारों युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिल रहा है।
बस्तर में बदली तस्वीर, खेल मैदानों में दिख रहे युवाओं के सपने
मुख्यमंत्री ने बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता का उल्लेख करते हुए कहा कि आज बस्तर शांति, विश्वास और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक में युवाओं की बड़ी भागीदारी इस बदलाव की तस्वीर है। जिन इलाकों की पहचान कभी हिंसा और नक्सलवाद से होती थी, वहां आज युवा खेल के मैदान में अपने सपनों को उड़ान दे रहे हैं।
विदेशी खिलाड़ियों को CM का न्योता—गोल्फ के साथ छत्तीसगढ़ भी देखिए
मुख्यमंत्री साय ने देश-विदेश से पहुंचे खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उन्हें छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता और जनजातीय संस्कृति देखने का न्योता दिया।
उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि वे टूर्नामेंट के साथ समय निकालकर बस्तर और सरगुजा जरूर जाएं और छत्तीसगढ़ की खूबसूरती को करीब से देखें।









