देवेंद्र यादव की विधायकी पर हाईकोर्ट का फैसला सुरक्षित, प्रेम प्रकाश पांडेय की याचिका पर सुनवाई पूरी

बिलासपुर। भिलाई विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव के निर्वाचन को चुनौती देने वाली चुनाव याचिका पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में सुनवाई पूरी हो गई है। न्यायमूर्ति राकेश मोहन पांडेय की एकलपीठ ने पूर्व विधायक प्रेम प्रकाश पांडेय और विधायक देवेंद्र यादव, दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अपना आदेश सुरक्षित रख लिया है। अब इस मामले में हाईकोर्ट के अंतिम फैसले पर राजनीतिक और कानूनी हलकों की नजरें टिकी हैं।
यह मामला वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में देवेंद्र यादव के निर्वाचन की वैधता से जुड़ा है। भिलाई से भाजपा के पूर्व विधायक प्रेम प्रकाश पांडेय ने वर्ष 2024 में हाईकोर्ट में चुनाव याचिका दायर कर देवेंद्र यादव के निर्वाचन को चुनौती दी थी।

चुनावी शपथपत्र में जानकारी छिपाने का आरोप
प्रेम प्रकाश पांडेय ने अपनी याचिका में आरोप लगाया है कि देवेंद्र यादव ने विधानसभा चुनाव 2023 के नामांकन के साथ दाखिल शपथपत्र यानी प्रपत्र-26 में कई महत्वपूर्ण जानकारियां छिपाई थीं अथवा गलत दर्ज की थीं।
याचिका में संपर्क विवरण, सोशल मीडिया अकाउंट, स्वयं और पत्नी की आय, चल-अचल संपत्तियों, परिवार के सदस्यों को दिए गए ऋण और लंबित आपराधिक मामलों से संबंधित जानकारी का उल्लेख किया गया है।

याचिकाकर्ता का आरोप है कि कुछ संपत्तियों का वास्तविक मूल्य भी कम दर्शाया गया। इसके अलावा वारंट जारी होने और फरार घोषित किए जाने से जुड़ी जानकारी का भी शपथपत्र में सही खुलासा नहीं किया गया।
हाईकोर्ट ने तय किए थे पांच प्रमुख मुद्दे
हाईकोर्ट ने 21 अगस्त 2024 को इस चुनाव याचिका की सुनवाई के लिए पांच प्रमुख मुद्दे निर्धारित किए थे। इनमें नामांकन की स्वीकृति की वैधता, चुनावी शपथपत्र में दी गई जानकारी की सत्यता, कथित भ्रष्ट आचरण, कानूनी प्रावधानों के पालन और याचिकाकर्ता की ओर से मांगी गई राहत जैसे विषय शामिल हैं।

मामले में मुद्दा क्रमांक 2 और 4 पर पहले सुनवाई किए जाने की मांग भी की गई थी, जिसे 30 जून 2026 को हाईकोर्ट ने खारिज कर दिया था।
अब फैसले पर टिकी निगाहें
दोनों पक्षों की दलीलें पूरी होने के बाद हाईकोर्ट ने आदेश सुरक्षित रख लिया है। अब अदालत के अंतिम निर्णय से यह स्पष्ट होगा कि देवेंद्र यादव का निर्वाचन कानूनी रूप से वैध माना जाता है या याचिकाकर्ता की ओर से उठाए गए सवालों का चुनाव परिणाम पर कोई प्रभाव पड़ता है।
फिलहाल देवेंद्र यादव के निर्वाचन को रद्द करने संबंधी कोई अंतिम आदेश नहीं आया है। मामले में हाईकोर्ट के फैसले का इंतजार है।








