Chhattisgarh: जेसीबी के टायर में हवा भरते वक्त जोरदार ब्लास्ट, 18 वर्षीय हेल्पर की मौत, तीन घायल, जानें पूरा मामला
बिलासपुर, 19 जून 2026। चकरभाठा थाना क्षेत्र के बोदरी स्थित एक निर्माणाधीन कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। JCB मशीन के पंचर टायर में हवा भरने के दौरान अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि पास खड़ा 18 वर्षीय हेल्पर कई फीट ऊपर उछलकर नीचे जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन अन्य लोग घायल हो गए।
मृतक की पहचान सीपत निवासी उमाकांत कौशिक (18) के रूप में हुई है, जो मौके पर हेल्पर का काम कर रहा था। जानकारी के मुताबिक, टायर की मरम्मत के बाद उसमें हवा भरी जा रही थी, तभी अचानक टायर फट गया। धमाके की चपेट में आने से उमाकांत गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में JCB ऑपरेटर, मैकेनिक समेत तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या सुरक्षा मानकों में किसी प्रकार की लापरवाही बरती गई थी।

इस घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें टायर फटने के बाद हुए धमाके का भयावह दृश्य कैद हुआ है। हादसे के बाद निर्माण स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और भारी मशीनों की मरम्मत के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।










