छत्तीसगढ़ में BJP विधायक से ऑनलाइन ठगी: BJP के बड़े नेता का PA बनकर मांगे पैसे, 10 हजार ट्रांसफर कराए, ऐसे हुए खुलासा
रायपुर, 26 मई 2026. रायपुर उत्तर से भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा से ऑनलाइन ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र में ठगों ने भाजपा के बड़े नेता का निजी सहायक (PA) बनकर विधायक को निशाना बनाया और डीजल डलवाने के नाम पर 10 हजार रुपए की ठगी कर ली। मामले की शिकायत के बाद पुलिस और साइबर टीम जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी ने खुद को भाजपा के वरिष्ठ नेता और राष्ट्रीय पदाधिकारी Nitin Nabin का निजी सहायक बताते हुए विधायक पुरंदर मिश्रा को फोन किया। बातचीत के दौरान आरोपी ने जरूरी काम और वाहन में डीजल डलवाने का हवाला देकर तत्काल पैसों की जरूरत बताई। परिचित नाम और राजनीतिक संदर्भ होने के कारण विधायक को किसी तरह का शक नहीं हुआ।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने दो अलग-अलग बार में पैसे ट्रांसफर करवाए। पहली बार 4500 रुपए और दूसरी बार 5500 रुपए ऑनलाइन बैंक खाते में डलवाए गए। विधायक पुरंदर मिश्रा ने अपने जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा को रकम भेजने के निर्देश दिए थे। बाद में नारायण मिश्रा ने बताया कि कुल 10 हजार रुपए संबंधित खाते में ट्रांसफर कर दिए गए हैं।
कुछ देर बाद आरोपी ने फिर से पैसों की मांग शुरू कर दी। लगातार रकम मांगने और बातचीत में संदिग्धता महसूस होने पर विधायक पक्ष को शक हुआ। जब मामले की आंतरिक स्तर पर जांच की गई तो पता चला कि फोन करने वाला व्यक्ति फर्जी तरीके से खुद को भाजपा नेता का पीए बताकर ठगी कर रहा था।

इसके बाद जगन्नाथ मंदिर के सेवक नारायण मिश्रा ने खम्हारडीह थाना पहुंचकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धोखाधड़ी और साइबर ठगी से जुड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर, बैंक खाते और ट्रांजेक्शन डिटेल की जांच की जा रही है। वहीं क्राइम ब्रांच की साइबर टीम बैंकिंग ट्रेल और आरोपी की लोकेशन खंगालने में जुटी हुई है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी किसी संगठित साइबर ठगी गिरोह से जुड़ा हो सकता है।

इस घटना के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है कि साइबर ठग अब आम लोगों के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों को भी निशाना बना रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी परिचित नाम या पद का हवाला देकर पैसे मांगने वाले कॉल पर बिना पुष्टि किए रकम ट्रांसफर न करें।










