बिलासपुर हिंसा केस में बड़ा एक्शन: मुख्य आरोपी सोहेल खान का निकाला जुलूस, सदर बाजार तक पैदल ले गई पुलिस

बिलासपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में हुए विवाद, पथराव और फायरिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सोहेल खान को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने बुधवार को आरोपी सोहेल खान समेत अन्य गिरफ्तार आरोपियों का जुलूस निकाला। पुलिस सभी आरोपियों को सिटी कोतवाली से सदर बाजार तक पैदल लेकर पहुंची।
मुख्य आरोपी सोहेल खान की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे और अन्य आरोपियों को सिटी कोतवाली से सदर बाजार तक पैदल ले जाकर जुलूस निकाला। इसके बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के मुताबिक, हिंसा के मामले में अब तक दोनों पक्षों से करीब 20 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस अब घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
CCTV में फायरिंग करता दिखा आरोपी
एडिशनल एसपी पंकज कुमार पटेल के अनुसार, घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में सोहेल खान के हाथ में पिस्तौल जैसी वस्तु दिखाई देने और फायरिंग करने की बात सामने आई है।

पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा और एक पिस्तौल बरामद करने का दावा किया है। बरामद हथियारों को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है।
वीडियो फुटेज से अन्य आरोपियों की पहचान
पुलिस घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल वीडियो के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर रही है। पुलिस के मुताबिक, पथराव और हिंसा में शामिल नजर आने वाले लोगों की पहचान के बाद उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, मामले में फरार आरोपी ठाकुर राम सिंह की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा।









