जयरामनगर में गांजे की बड़ी खेप पकड़ी गई! 13 किलो गांजा के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार, ओडिशा से लाकर करते थे सप्लाई

बिलासपुर, 14 सितंबर 2026। बिलासपुर जिले में अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ ACCU और मस्तूरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जयरामनगर रेलवे फाटक के पास ओवरब्रिज के नीचे घेराबंदी कर पुलिस ने 13 किलो गांजा के साथ तीन पुरुष और एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 6 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
ओडिशा से गांजा लाकर बिलासपुर में खपाने की तैयारी
पुलिस को 13 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन पुरुष और एक महिला जयरामनगर रेलवे फाटक के पास गांजा लेकर खड़े हैं और मटियारी व सीपत जाने के लिए ऑटो या बस का इंतजार कर रहे हैं।

सूचना मिलते ही ACCU बिलासपुर और मस्तूरी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। घेराबंदी कर चारों संदिग्धों को पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उनके पिट्ठू बैग और झोले से कुल 13 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
पति-पत्नी समेत चार आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है—आकाश सिसोदिया (21) — ग्राम मटियारी, थाना सीपत, बिलासपुर, पूर्वा मालिया (20) — आकाश की पत्नी, ग्राम मटियारी, थाना सीपत, बिलासपुर, कृष्णा पाण्डेय (23) — ग्राम मटियारी, थाना सीपत, बिलासपुर, नीरज नायक (19) — वार्ड क्रमांक 18, झाड़ू मोहल्ला, थाना उमरिया, जिला उमरिया, मध्यप्रदेश

बलांगीर से सस्ते में खरीदा, यहां महंगे दाम पर बेचने की तैयारी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिशा के बलांगीर जिले से सस्ते दामों में खरीदकर लाए थे। इसके बाद इसे बिलासपुर के मटियारी और सीपत क्षेत्र में महंगे दामों पर बेचने की तैयारी थी।
मस्तूरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 640/2026, धारा 20(B), 29 NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि तस्करी के इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं और गांजे की सप्लाई कहां से की जा रही थी।










