CIMS अस्पताल में स्टाफ से गाली-गलौज और धमकी, VIDEO वायरल होते ही पुलिस एक्शन; युवक ने मांगी माफी

बिलासपुर, 14 सितंबर 2026। बिलासपुर के SIMS अस्पताल में दवा वितरण केंद्र के स्टाफ के साथ गाली-गलौज और धमकी-चमकी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। वीडियो सामने आते ही सिटी कोतवाली पुलिस ने युवक की पहचान कर उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। कार्रवाई के बाद युवक द्वारा स्टाफ से माफी मांगने का वीडियो भी सामने आया है।
वायरल वीडियो में एक युवक SIMS अस्पताल के दवा वितरण केंद्र में मौजूद स्टाफ के साथ कथित तौर पर अपशब्दों का इस्तेमाल करते और धमकी-चमकी करते नजर आ रहा था। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद मामला पुलिस के संज्ञान में आया।

इसके बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू की और उसमें दिखाई दे रहे युवक की पहचान प्रियांशु मिश्रा, पिता दीपक मिश्रा, उम्र 22 वर्ष, निवासी सरजू बगीचा, सिविल लाइन, बिलासपुर के रूप में की।
शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका पर कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक युवक के इस कृत्य से क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना को देखते हुए उसके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

पुलिस ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को संज्ञान में लेकर युवक की पहचान की गई और नियमानुसार कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के बाद स्टाफ से मांगी माफी
पुलिस कार्रवाई के बाद युवक द्वारा अस्पताल के स्टाफ से माफी मांगने का वीडियो भी सामने आया है। मामले के बाद अस्पताल परिसर में सुरक्षा और अनुशासन को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।

पुलिस ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक या धमकी भरे वीडियो सामने आने पर लोगों से कानून हाथ में नहीं लेने और किसी भी विवाद की स्थिति में पुलिस को सूचना देने की अपील की है।









