पनीर के बाद अब दूध-दही और मक्खन में मिलावट पर सख्ती, स्वास्थ्य मंत्री बोले- मिलावटखोर नहीं बचेंगे
रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध पनीर जब्ती के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, स्टाइपेंड और कांग्रेस के दावों पर भी मंत्री का जवाब

रायपुर, 6 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में संदिग्ध एनालॉग पनीर के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बाद अब स्वास्थ्य विभाग ने दूध, दही, मक्खन समेत अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और मिलावटखोरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
मीडिया से चर्चा के दौरान मंत्री ने रायपुर रेलवे स्टेशन पर करीब 500 किलो संदिग्ध पनीर जब्त होने के मामले पर कहा कि रेलवे परिसर से जुड़े मामलों में कार्रवाई की प्रक्रिया अलग होती है, जिससे कुछ तकनीकी चुनौतियां आती हैं। इसके बावजूद खाद्य एवं औषधि विभाग पूरी तरह सतर्क है और मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ लगातार जांच और कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा, “जो लोग चालाकी करेंगे, सरकार उनसे एक कदम आगे रहेगी। आम जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
मेडिकल छात्रों के स्टाइपेंड पर सरकार गंभीर
मेडिकल कॉलेज के छात्रों द्वारा स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर किए गए प्रदर्शन पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है। उन्होंने बताया कि छात्रों से उनकी मुलाकात हो चुकी है और इस विषय पर मुख्यमंत्री से भी चर्चा हुई है। सरकार इस मांग पर गंभीरता से विचार कर रही है।

कांग्रेस के दावों पर साधा निशाना
वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस नेताओं के बीच आपसी मतभेद जगजाहिर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल योजनाएं बनाने तक सीमित रहती है, जबकि उन्हें जमीन पर लागू करने में विफल रहती है। उन्होंने कहा कि चुनावी जीत के दावे केवल कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाए रखने के लिए किए जा रहे हैं।
पुलिस कमिश्नरेट विस्तार पर बृजमोहन का समर्थन
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के विस्तार को लेकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल द्वारा लिखे गए पत्र पर मंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते सुरक्षा संबंधी मुद्दों को उठाना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा और जनहित से जुड़े विषयों पर सभी दलों को सकारात्मक राजनीति करनी चाहिए और कांग्रेस को भी इससे सीख लेनी चाहिए।










