CG: रिश्वतखोर शाखा प्रबंधक सस्पेंडः मृतक पति के खाते से राशि निकालने के एवज में मांगी 10 हजार की घूस, वीडियो वायरल…कलेक्टर के निर्देश पर हुई कार्रवाई
बलौदाबाजार, 15 जून 2026। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में रिश्वतखोरी के गंभीर आरोपों में घिरी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की निपानिया शाखा प्रबंधक अनीता पांडे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मृतक खाताधारक के नॉमिनी से बैंक खाते की जमा राशि निकालने की प्रक्रिया के बदले रिश्वत मांगने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर कलेक्टर के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। निलंबन अवधि में उन्हें नोडल कार्यालय महासमुंद से संबद्ध किया गया है।
वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप
मामला जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की निपानिया शाखा का है। जानकारी के अनुसार, एक महिला अपने दिवंगत पति के बैंक खाते में जमा राशि निकालने बैंक पहुंची थी। इसी दौरान शाखा प्रबंधक पर प्रक्रिया पूरी करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप लगा।

बताया जा रहा है कि महिला के साथ आए एक ग्रामीण ने बातचीत और कथित पैसों के लेन-देन का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद बैंक प्रबंधन और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
नॉमिनी से मांगे गए थे रुपए
शिकायतकर्ता खेलन बाई सतनामी ने बताया कि उनके पति रूपदास सतनामी का करीब एक वर्ष पहले निधन हो गया था। उनके नाम से निपानिया शाखा में बैंक खाता संचालित था, जिसमें लगभग 1 लाख 10 हजार रुपये जमा थे।

खेलन बाई के अनुसार, पति की मृत्यु के बाद खाते में जमा राशि प्राप्त करने के लिए उन्होंने आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन किया था। आरोप है कि शाखा प्रबंधक अनीता पांडे ने प्रक्रिया पूरी करने के लिए पहले 10 हजार रुपये रिश्वत की मांग की और बाद में यह राशि घटाकर 5 हजार रुपये कर दी। शिकायतकर्ता का कहना है कि मजबूरीवश उन्हें उक्त राशि देनी पड़ी।
जनदर्शन में पहुंची शिकायत
मामले से परेशान खेलन बाई ने जनदर्शन में पहुंचकर कलेक्टर से शिकायत की। उन्होंने वीडियो साक्ष्य भी प्रशासन को सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

शिकायत मिलने के बाद प्रशासन ने मामले की जांच कराई। जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर शाखा प्रबंधक को निलंबित करने का आदेश जारी किया गया।
विधायक ने भी उठाए सवाल
भाटापारा विधायक इंद्र साव ने भी संबंधित अधिकारी की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि शाखा प्रबंधक के खिलाफ पहले भी कई शिकायतें मिल चुकी हैं। विधायक के अनुसार, लगभग एक वर्ष पूर्व भी इस संबंध में चर्चा के दौरान अधिकारी का रवैया असहयोगात्मक रहा था।
भ्रष्टाचार पर प्रशासन की सख्ती
जिला प्रशासन ने इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी सख्त नीति का हिस्सा बताया है। प्रशासन का कहना है कि आम नागरिकों को सरकारी एवं सहकारी संस्थाओं में किसी प्रकार की अवैध वसूली या अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े, इसके लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।
फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। वहीं शाखा प्रबंधक के निलंबन के बाद निपानिया सहकारी बैंक शाखा में चर्चा और हलचल का माहौल बना हुआ है।









