सीएम बनने के बाद बड़े पर्दे पर आखिरी बार दिखेंगे थलापति विजय, ‘जन नायकन’ की रिलीज को लेकर बड़ा अपडेट

न्यूज डेस्क. तमिल सुपरस्टार और अब तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बन चुके थलापति विजय की आखिरी फिल्म ‘जन नायकन’ को लेकर लंबे समय से इंतजार कर रहे फैंस के लिए अच्छी खबर सामने आई है। काफी समय से रिलीज का इंतजार कर रही इस फिल्म के इसी महीने सिनेमाघरों में आने की चर्चा तेज हो गई है।
बताया जा रहा है कि ‘जन नायकन’ 24 जुलाई को रिलीज हो सकती है। कनाडा की थिएटर चेन यॉर्क सिनेमा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर फिल्म की संभावित रिलीज डेट की जानकारी दी है। वहीं ‘लेट्स सिनेमा’ ने भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर इस तारीख की पुष्टि की है। हालांकि फिल्म के निर्माताओं की ओर से अभी तक आधिकारिक रिलीज डेट घोषित नहीं की गई है।
थलापति विजय पहले ही ऐलान कर चुके हैं कि राजनीति में पूरी तरह सक्रिय होने के बाद वह फिल्मों से दूरी बना लेंगे और ‘जन नायकन’ उनकी आखिरी फिल्म होगी। ऐसे में यह फिल्म उनके प्रशंसकों के लिए काफी खास मानी जा रही है।
निर्देशक एच. विनोद के निर्देशन में बनी यह फिल्म पहले 10 जनवरी को रिलीज होने वाली थी, लेकिन सेंसर बोर्ड से मंजूरी नहीं मिलने के कारण इसकी रिलीज टालनी पड़ी। मामला कोर्ट तक भी पहुंचा, जिसके चलते फिल्म कई महीनों तक अटकी रही।
हाल ही में फिल्म को सेंसर बोर्ड से हरी झंडी मिलने की खबर सामने आई थी। इसके बाद से माना जा रहा है कि अब फिल्म की रिलीज का रास्ता साफ हो गया है। हालांकि अंतिम फैसला मेकर्स की आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ होगा।
अब फैंस की नजर फिल्म की ऑफिशियल रिलीज डेट पर टिकी है। अगर सब कुछ तय योजना के मुताबिक रहा तो 24 जुलाई को थलापति विजय आखिरी बार बड़े पर्दे पर अपने दमदार अंदाज में नजर आ सकते हैं।










