बिलासपुर में 13 वर्षीय नाबालिग से गैंगरेप; दो दिन बाद रेलवे स्टेशन के पास मिली पीड़िता; तीन आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर, 8 जून 2026। शहर के तोरवा थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। 13 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने मिडी को बताया कि, नाबालिग पिछले दो दिनों से अपने घर से लापता थी। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद तोरवा थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की और रेलवे स्टेशन सहित आसपास के क्षेत्रों में तलाश अभियान चलाया।

तलाश के दौरान पुलिस को नाबालिग रेलवे स्टेशन के पास डरी-सहमी अवस्था में मिली। उसे सुरक्षित थाने लाया गया, जहां महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में उससे पूछताछ की गई।
पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि परिचित एक नाबालिग लड़का उसे बाइक पर घुमाने के बहाने रेलवे स्टेशन लेकर गया था। वहां उसके दो अन्य साथी पहले से मौजूद थे। इसके बाद तीनों उसे एक सुनसान स्थान पर ले गए, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़िता ने यह भी बताया कि विरोध करने पर आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है और मामले में मुख्य आरोपी सहित तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस फिलहाल मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। चूंकि मामला नाबालिग से जुड़ा है, इसलिए कानूनी प्रावधानों के तहत पीड़िता और आरोपियों की पहचान गोपनीय रखी गई है।











