बिलासपुर में खून से लथपथ मिला युवक का शव; गाली-गलौज के विवाद ने ली जान, दो भाई गिरफ्तार
बिलासपुर, 16 जून 2026. बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह खून से लथपथ मिले युवक के शव मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में पता चला है कि मामूली विवाद और गाली-गलौज के बाद हुए झगड़े में युवक की पत्थर मारकर हत्या कर दी गई थी।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर-46 नयापारा गणेश नगर निवासी इरफान बघीरा (26) का शव मंगलवार सुबह गली में पड़ा मिला था। स्थानीय लोगों ने जब उसे खून से लथपथ हालत में देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां आसपास काफी मात्रा में खून फैला हुआ था।

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से सीमेंट जैसे दो बड़े पत्थर भी मिले थे। शुरुआती जांच में इन्हीं पत्थरों से हमला कर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई थी। इरफान के शरीर पर भी गंभीर चोटों के निशान मिले थे, जिससे साफ था कि उस पर बेरहमी से हमला किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई।

जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को हत्या के पीछे आपसी रंजिश और गाली-गलौज का विवाद होने की जानकारी मिली। पता चला कि इरफान बघीरा का नदीम खान और नईम खान के साथ विवाद हुआ था, जो बाद में मारपीट और हत्या तक पहुंच गया।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों, जो सगे भाई हैं, को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में हत्या का कारण आपसी विवाद सामने आया है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है, ताकि पूरी घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके।










