छत्तीसगढ़ शराब घोटाला: 59 नए आरोपियों को कोर्ट में पेश, कुल आरोपियों की संख्या 81 पहुंची

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने इस केस में 59 नए आरोपियों को विशेष अदालत में पेश किया है। इसके साथ ही मामले में कुल आरोपियों की संख्या बढ़कर 81 हो गई है।
क्या है मामला?
ED की जांच के अनुसार यह कथित शराब घोटाला वर्ष 2019 से 2022 के बीच संचालित हुआ। आरोप है कि एक संगठित सिंडिकेट ने शराब नीति में हेरफेर कर अवैध कमीशन वसूला और सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचाया।
करीब 3000 करोड़ का घोटाला
जांच एजेंसी के मुताबिक इस पूरे मामले में लगभग 3000 करोड़ रुपये से ज्यादा की अवैध कमाई (प्रोसीड्स ऑफ क्राइम) हुई है। इस घोटाले से राज्य को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।

कौन-कौन शामिल?
नई सूची में कई बड़े नाम शामिल हैं, जिनमें पूर्व अफसर, आबकारी विभाग के अधिकारी, कारोबारी और लाइसेंसधारी शामिल बताए जा रहे हैं। पहले भी इस मामले में कई राजनीतिक और प्रशासनिक हस्तियों के नाम सामने आ चुके हैं।
ED ने क्या कहा?
ED के अनुसार यह एक संगठित नेटवर्क था, जिसने सिस्टम में सेंध लगाकर अवैध कमाई का बड़ा खेल खड़ा किया। जांच पूरी होने के बाद अंतिम प्रॉसिक्यूशन शिकायत (चार्जशीट) कोर्ट में पेश की गई है।

आगे क्या?
अब इस मामले में कोर्ट में सुनवाई के दौरान आरोप तय किए जाएंगे। माना जा रहा है कि आने वाले समय में इस केस में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।









