CG Teacher Transfer: 700 शिक्षकों की तबादला सूची जल्द हो सकती है जारी, 400 नाम अंतिम सूची से हटे; ऑनलाइन ट्रांसफर सिस्टम की भी तैयारी

रायपुर, 5 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में लंबे समय से स्थानांतरण का इंतजार कर रहे शिक्षकों के लिए राहत भरी खबर है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, करीब 700 शिक्षकों के तबादला आदेश जल्द जारी हो सकते हैं। अंतिम सूची तैयार कर ली गई है और शासन स्तर से मंजूरी मिलते ही आदेश जारी होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, शिक्षा विभाग ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
1600 प्रस्तावों से शुरू हुई प्रक्रिया, अब 700 नाम अंतिम सूची में
सूत्रों के मुताबिक, शुरुआत में नेताओं की अनुशंसा और प्राप्त आवेदनों के आधार पर करीब 1,600 शिक्षकों के स्थानांतरण प्रस्ताव तैयार किए गए थे। संख्या अधिक होने पर सूची वापस भेजी गई और इसमें कटौती के निर्देश दिए गए।

इसके बाद लगभग 1,000 शिक्षकों की संशोधित सूची तैयार की गई। अंतिम समीक्षा के दौरान करीब 400 नाम मापदंडों पर खरे नहीं उतरने के कारण हटा दिए गए। अब अंतिम सूची में लगभग 700 शिक्षकों के नाम शामिल बताए जा रहे हैं।
इन श्रेणियों के शिक्षकों के नाम हटाए गए
विभागीय सूत्रों के अनुसार, अंतिम सूची से उन शिक्षकों के नाम हटाए गए हैं जिनका स्थानांतरण शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित कर सकता था। इनमें शामिल हैं युक्तियुक्तकरण (रैशनलाइजेशन) से प्रभावित शिक्षक, एकल शिक्षकीय विद्यालयों में पदस्थ शिक्षक, ऐसे शिक्षक जिनके स्थानांतरण से स्कूल शिक्षकविहीन हो सकते थे, अधिसूचित क्षेत्रों से गैर-अधिसूचित क्षेत्रों में स्थानांतरण के प्रकरण, अधिक छात्र संख्या वाले विद्यालयों में पदस्थ शिक्षक, विभाग का मानना है कि इन श्रेणियों के शिक्षकों का तबादला होने से स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

विभाग की चुप्पी, मंजूरी के बाद जारी होंगे आदेश
हालांकि शिक्षा विभाग ने अब तक सूची को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। विभागीय अधिकारियों ने इस विषय पर टिप्पणी करने से इनकार किया है। वहीं, सूत्रों का दावा है कि अंतिम सूची तैयार है और शासन से हरी झंडी मिलते ही तबादला आदेश जारी कर दिए जाएंगे।
ऑनलाइन ट्रांसफर सिस्टम की तैयारी
इस बीच शिक्षा विभाग शिक्षक स्थानांतरण प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन करने की दिशा में भी काम कर रहा है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत शिक्षक पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन, दस्तावेजों का सत्यापन और पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से होगी।

विभाग का मानना है कि ऑनलाइन प्रणाली लागू होने से स्थानांतरण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी होगी, रिकॉर्ड का बेहतर प्रबंधन हो सकेगा और शिक्षकों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इसके लिए अन्य राज्यों की ऑनलाइन ट्रांसफर व्यवस्था का भी अध्ययन किया जा रहा है।
आधिकारिक आदेश का इंतजार
फिलहाल न तो तबादला सूची और न ही ऑनलाइन ट्रांसफर सिस्टम को लेकर कोई आधिकारिक आदेश जारी हुआ है। अंतिम निर्णय शासन की मंजूरी के बाद ही लिया जाएगा। ऐसे में प्रदेश के हजारों शिक्षकों की निगाहें अब संभावित तबादला आदेशों पर टिकी हुई हैं।









