झुलसाती गर्मी में राहत की फुहार: बिलासपुर स्टेशन पर मिस्टिंग सिस्टम शुरू, यात्रियों को मिलेगी ठंडक, 43°C तापमान में बड़ी राहत
बिलासपुर, 22 जुलाई 2026। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच यात्रियों को राहत देने के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर नई सुविधा शुरू की है। 21 अप्रैल 2026 से प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर मिस्टिंग सिस्टम (पानी की फुहार) चालू कर दिया गया है।
इस सिस्टम के जरिए प्लेटफॉर्म पर हल्की पानी की फुहार छोड़ी जाती है, जिससे आसपास का तापमान कम होता है और यात्रियों को गर्मी से तुरंत राहत मिलती है। इन दिनों तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच रहा है, ऐसे में यह व्यवस्था यात्रियों के लिए काफी मददगार साबित हो रही है।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यह मिस्टिंग सिस्टम खास तौर पर उन जगहों पर लगाया गया है, जहां यात्रियों की भीड़ ज्यादा रहती है। इसका उद्देश्य लू और तेज गर्मी के असर को कम करना है, ताकि लोगों को सफर के दौरान परेशानी न हो।
इसके साथ ही स्टेशन पर यात्रियों के लिए ओआरएस के सैशे भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं और ठंडा पानी पीने के लिए वाटर कूलर की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

यह पूरी पहल बिलासपुर मंडल के डीआरएम राकेश रंजन के मार्गदर्शन में की गई है, ताकि यात्रियों को गर्मी के मौसम में बेहतर और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिल सके।










