LIVE UPDATE

PM जनमन सड़क धंसने पर बड़ा एक्शन: सहायक अभियंता और उप अभियंता निलंबित, ठेकेदार होगा ब्लैकलिस्ट

– उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर राज्य स्तरीय जांच; सचिव भीम सिंह ने मौके पर कराई कोर कटिंग, क्षतिग्रस्त सड़क दोबारा बनाने और ओवरलोड वाहनों पर रोक के निर्देश

रायपुर, 9 जुलाई। कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड में प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत निर्मित दलदली मेन रोड खारिया से अगरी तक सड़क धंसने के मामले में राज्य सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के निर्देश पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के सचिव भीम सिंह ने गुरुवार को मौके पर पहुंचकर सड़क की गुणवत्ता की राज्य स्तरीय जांच कराई। जांच के बाद निर्माण कार्यों की मॉनीटरिंग और गुणवत्ता नियंत्रण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित सहायक अभियंता और उप अभियंता को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए गए, जबकि ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

सचिव भीम सिंह ने सड़क की गुणवत्ता की वैज्ञानिक जांच के लिए मौके पर कोर कटिंग कराई। तकनीकी परीक्षण में सामने आया कि सड़क की अधिकांश परतें निर्धारित मानकों के अनुरूप हैं, लेकिन क्षमता से कई गुना अधिक वजन वाले वाहनों के आवागमन और शोल्डर निर्माण में तकनीकी खामियों के कारण सड़क क्षतिग्रस्त हुई।

जांच में पाया गया कि जिस सड़क पर 10 से 12 टन क्षमता वाले वाहनों के संचालन की अनुमति है, वहां 60 से 70 टन तक रेत से लदे ओवरलोड वाहनों का लगातार संचालन किया गया। इसके अलावा सड़क के दोनों किनारों (शोल्डर) का कॉम्पैक्शन निर्धारित मानक के अनुरूप नहीं था। पुलिया के एप्रोच पर बैकफिलिंग में भी गंभीर तकनीकी त्रुटियां मिलीं, जिसके कारण बारिश का पानी सड़क की निचली सतह तक पहुंच गया और अंदरूनी संरचना कमजोर हो गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सचिव ने निर्माण एजेंसी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश दिए। गुणवत्ता की निगरानी में लापरवाही पाए जाने पर सहायक अभियंता सौरभ देशमुख और उप अभियंता जे. रितेश नायडू को तत्काल निलंबित करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं कार्यपालन अभियंता संतोष कुमार ठाकुर के निलंबन के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी जारी किए गए।

सचिव भीम सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क के पूरी तरह क्षतिग्रस्त हिस्से को उखाड़कर दोबारा बनाया जाए तथा पूरे मार्ग के शोल्डर का गुणवत्तापूर्ण तरीके से पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अब प्रधानमंत्री जनमन योजना की इस सड़क पर क्षमता से अधिक वजन वाले भारी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित किया जाएगा। ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए परिवहन, पुलिस और राजस्व विभाग संयुक्त रूप से अभियान चलाकर कार्रवाई करेंगे।

तकनीकी जांच में जीएसबी, डब्ल्यूबीएम और बिटुमिनस परतों की गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई। बाइंडर कंटेंट परीक्षण में भी लगभग 6 प्रतिशत परिणाम मिला, जो स्वीकृत तकनीकी मानकों के अनुसार है। अधिकारियों का कहना है कि सड़क धंसने की मुख्य वजह निर्माण की मूल गुणवत्ता नहीं, बल्कि ओवरलोड वाहनों का संचालन और शोल्डर निर्माण में हुई तकनीकी लापरवाही रही है।

ये खबर भी पढ़ें…
CM साय सरकार का बड़ा डिजिटल कदम: PWD में लागू होगा ‘WAMIS’, मंजूरी से भुगतान तक हर काम ऑनलाइन
CM साय सरकार का बड़ा डिजिटल कदम: PWD में लागू होगा ‘WAMIS’, मंजूरी से भुगतान तक हर काम ऑनलाइन
August 24, 2026
रायपुर, 24 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में सरकारी निर्माण कार्यों की निगरानी और भुगतान व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी बनाने की...
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *