Bilaspur News: CM हेल्पलाइन भी फेल! सरकारी स्कूल में एडमिशन के लिए भटक रही छात्रा, बिना समाधान शिकायत बंद करने का आरोप
बिलासपुर। शहर के सरकंडा स्थित शहीद अविनाश शर्मा कन्या शाला में 11वीं कक्षा में प्रवेश को लेकर एक छात्रा के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन और शिकायत निवारण व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। आरोप है कि सभी जरूरी दस्तावेज जमा करने के बावजूद कई दिनों से छात्रा का प्रवेश नहीं किया गया। इतना ही नहीं, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराने के बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।
परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक छात्रा नैनी रजक ने 11वीं कक्षा में प्रवेश के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन पत्र, आधार कार्ड सहित सभी आवश्यक दस्तावेज स्कूल में जमा किए थे। परिजनों का कहना है कि इसके बावजूद स्कूल की ओर से हर बार अलग-अलग कारण बताकर प्रवेश टाल दिया गया और अब तक दाखिला नहीं दिया गया।

जब स्कूल स्तर पर कोई समाधान नहीं निकला तो परिजनों ने 30 जून 2026 को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि शासकीय विद्यालय होने के बावजूद छात्रा को प्रवेश नहीं दिया जा रहा है और मामले में जांच कर उचित कार्रवाई की जाए।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के रिकॉर्ड के अनुसार 5 जुलाई 2026 को शिकायत का निराकरण दर्ज कर दिया गया। हालांकि रिकॉर्ड में यह भी दर्ज है कि शिकायतकर्ता की संतुष्टि या असंतुष्टि की पुष्टि अभी बाकी है। परिजनों का कहना है कि शिकायत बंद दिखा दी गई, लेकिन छात्रा को आज तक प्रवेश नहीं मिला। ऐसे में शिकायत के निराकरण की पूरी प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि बिना वास्तविक समाधान किए ही शिकायत का निराकरण दर्ज कर दिया गया। उनका कहना है कि जब मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत के बाद भी सरकारी स्कूल में छात्रा को न्याय नहीं मिल रहा है, तो आम लोगों की शिकायतों का समाधान कैसे होगा।
यह मामला शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली के साथ-साथ शिकायत निवारण प्रणाली की पारदर्शिता पर भी सवाल खड़े कर रहा है। अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इस पूरे मामले की जांच कर छात्रा को जल्द प्रवेश दिलाता है या नहीं। साथ ही बिना समस्या का समाधान किए शिकायत बंद करने के मामले में संबंधित अधिकारियों पर कोई कार्रवाई होती है या नहीं।











