आरक्षक की मौत पर सस्पेंस बरकरार; डॉक्टरों की टीम नहीं बता पाई वजह, बिसरा जांच के लिए भेजा जाएगा
बिलासपुर, 05 मई 2026। इलाज के दौरान आरक्षक की हुई संदिग्ध मौत का मामला अब भी उलझा हुआ है। चार डॉक्टरों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम किए जाने के बावजूद मौत की स्पष्ट वजह सामने नहीं आ सकी है। ऐसे में अब विसरा को फ्रीज़ कर सुरक्षित रखा गया है, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।
जानकारी के अनुसार, सरकंडा थाना में पदस्थ आरक्षक सत्यकुमार पाटले को पेट दर्द की शिकायत के बाद पथरी के ऑपरेशन के लिए नेहरू नगर स्थित श्रीराम केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों द्वारा ऑपरेशन सफल बताए जाने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि आरक्षक को पिछले कुछ दिनों से पेट में तकलीफ थी, जिसकी वजह पथरी बताई गई थी। ऑपरेशन के बाद उनकी हालत सामान्य बताई जा रही थी, लेकिन अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने से स्थिति गंभीर हो गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्च अधिकारियों ने अलग से जांच के आदेश दिए हैं। इसके लिए विशेषज्ञों की टीम गठित की जाएगी, जो पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच करेगी।

अधिकारियों का कहना है कि बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारण का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।











