Dhamtari Elephant Alert: दंतैल हाथी की एंट्री, 10 गांवों में अलर्ट, आबादी क्षेत्र की ओर बढ़ने का खतरा

धमतरी, 19 सितंबर 2026। जिले के केरेगांव वन परिक्षेत्र के छुही बीट में एक दंतैल हाथी के पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गरियाबंद की ओर से पहुंचे हाथी की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ने आसपास के करीब 10 गांवों में अलर्ट जारी किया है। वन विभाग की टीमें हाथी की लोकेशन पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
वन विभाग के मुताबिक, दंतैल हाथी फिलहाल कक्ष क्रमांक P-143 के आसपास विचरण कर रहा है। हाथी के आगे बढ़कर जोगीडीह के आबादी क्षेत्र और धमतरी के केरेगांव रेंज की ओर जाने की आशंका को देखते हुए आसपास के ग्रामीण इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

प्रभावित इलाकों में वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है और हाथी की गतिविधियों के आधार पर ग्रामीणों को अलर्ट किया जा रहा है।
इन गांवों में हाई अलर्ट
वन विभाग ने जोगीडीह, छुही, पीपरछेड़ी, बाजारकुर्रीडीह, साल्हेभाट, सिरौदकला और कमारपारा समेत आसपास के इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा बासीखाई, झुरातराई और भालुचुवा गांवों में भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पीपरछेड़ी, कमारपारा सहित प्रभावित इलाकों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को हाथी से सावधान रहने की जानकारी दी जा रही है।

हाथी दिखे तो बिल्कुल न जाएं करीब
वन विभाग ने ग्रामीणों से साफ अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर उसके पास जाने या उसे परेशान करने की कोशिश न करें। हाथी की मौजूदगी की जानकारी तत्काल नजदीकी वन कर्मचारी को देने को कहा गया है। विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर नजर रखते हुए ग्रामीणों को लगातार आवश्यक दिशा-निर्देश दे रही है।
गरियाबंद से होते हुए पहुंचा धमतरी
बताया जा रहा है कि दंतैल हाथी गरियाबंद की ओर से उत्तर सिंगपुर होते हुए केरेगांव रेंज में पहुंचा है। हाथी की गतिविधियों को देखते हुए उसके आसपास करीब 10 किलोमीटर के दायरे में आने वाली बस्तियों को सतर्क किया गया है।

फिलहाल वन विभाग की प्राथमिकता हाथी की सुरक्षित निगरानी और ग्रामीणों को उससे दूर रखना है। हाथी किस दिशा में आगे बढ़ता है, इस पर वन अमला लगातार नजर बनाए हुए है।









