LIVE UPDATE
Trending

निगम कमिश्नर ने दिए सख्त निर्देश…विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, डेडलाइन तय…नाला-नालियों की सफाई कार्य पूरा करने सख्त निर्देश

बिलासपुर, 10 जून 2026। नगर पालिक निगम बिलासपुर के आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने बुधवार को दृष्टि सभा कक्ष में विभागीय अधिकारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक लेकर जनहित एवं विकास कार्यों की विस्तृत प्रगति का जायजा लिया। बैठक में उन्होंने सुशासन तिहार-2026, वर्षा पूर्व तैयारियां, पेयजल व्यवस्था, राजस्व वसूली एवं स्वच्छता अभियान सहित सभी प्रमुख विषयों पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। सुशासन तिहार-2026: लंबित आवेदनों के त्वरित निराकरण पर जोर आयुक्त ने सुशासन तिहार-2026 के तहत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए सभी लंबित प्रकरणों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में शासन स्तर पर प्रस्ताव आवश्यक हैं, उन्हें बिना देरी तत्काल भेजा जाए, ताकि नागरिकों को समय पर समाधान मिल सके। जनशिकायत पोर्टल्स पर लंबित मामलों का प्राथमिकता से समाधान बैठक में निदान-1100 एवं अन्य शिकायत पोर्टलों पर लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। राजस्व वसूली पर फोकस: 30 जून तक विशेष छूट का लाभ आयुक्त ने जानकारी दी कि चालू वित्तीय वर्ष का संपत्ति कर 30 जून तक जमा करने पर 6 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है। उन्होंने राजस्व अमले को वसूली अभियान तेज करने और अधिक से अधिक नागरिकों तक इस योजना का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। मानसून तैयारी: नाला-नालियों की सफाई को प्राथमिकता वर्षा पूर्व तैयारियों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने शहर की सभी नाला-नालियों की समय पर सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जलभराव की समस्या से बचाव के लिए ठोस और प्रभावी कार्ययोजना लागू करने पर जोर दिया। पेयजल, रेनवाटर हार्वेस्टिंग और इंजेक्ट वेल कार्यों में तेजी बैठक में पेयजल आपूर्ति, जल संरक्षण, रेनवाटर हार्वेस्टिंग और इंजेक्ट वेल निर्माण कार्यों की भी समीक्षा हुई। आयुक्त ने भवन अधिकारी और जोन आयुक्तों को निर्देशित किया कि 30 जून तक इंजेक्ट वेल और संबंधित निर्माण कार्य हर हाल में पूर्ण किए जाएं। स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर सख्त निर्देश स्वच्छ भारत मिशन के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। आयुक्त ने सफाई विभाग को कचरा प्रबंधन नियमों का सख्ती से पालन कराने और जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, वृक्षारोपण अभियान, मुख्यमंत्री घोषणाएं, मिशन कर्मयोगी पोर्टल, सीएम हेल्पलाइन-1076, ई-ऑफिस, बायोमेट्रिक उपस्थिति सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई। आयुक्त ने सभी योजनाओं में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने पर जोर दिया। विकास कार्यों की डीपीआर और निर्माण परियोजनाओं पर निर्देश साइंस कॉलेज परिसर गेट एवं ग्राउंड विकास, मुक्तिधाम उन्नयन, सियान सदन निर्माण, स्मृति वन सौंदर्यीकरण, पुलिस स्टेडियम उन्नयन, बहतराई स्टेडियम रेस्ट हाउस एवं विद्युत लाइन अंडरग्राउंड कार्यों के प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए गए। पारदर्शिता और समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर अंत में आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने कहा कि सभी अधिकारी लंबित कार्यों में तेजी लाएं और शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी एवं प्रभावी कार्यप्रणाली अपनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिकों को बेहतर और समयबद्ध सुविधाएं उपलब्ध कराना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में सभी जोन आयुक्त, विभागाध्यक्ष एवं इंजीनियर उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *