रायपुर में हैवानियत! बिलासपुर की महिला को शराब पिलाकर दरिंदगी, शहर के अलग-अलग ठिकानों पर गैंगरेप का आरोप; 3 युवक और नाबालिग गिरफ्तार

रायपुर, 10 अगस्त 2026/ । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला को पहले शराब पिलाई गई और इसके बाद आरोपी उसे शहर के अलग-अलग ठिकानों पर ले गए, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। मामले में पुलिस ने तीन युवकों और एक नाबालिग को पकड़ा है। घटना के सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है पीड़िता बिलासपुर जिले के चकरभाठा क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। उसकी शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, महिला की आरोपियों से मुलाकात सरोना स्थित शराब भट्ठी के पास हुई थी। आरोप है कि यहां उसे शराब पिलाई गई। इसके बाद आरोपी उसे अपने साथ लेकर अलग-अलग जगहों पर गए। आरोपियों की पहचान शिवा, आयुष और दुर्गा के रूप में हुई है। इनके साथ एक नाबालिग के भी शामिल होने की बात सामने आई है।

स्कूल के मैदान में भी वारदात का आरोप
महिला के आरोप के मुताबिक, सरोना के बाद आरोपी उसे आरडी तिवारी स्कूल के मैदान में ले गए। यहां मैदान के सुनसान हिस्से में उसके साथ दोबारा सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप है।राजधानी के बीचोंबीच स्थित स्कूल परिसर के मैदान में ऐसी वारदात के आरोप ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
आजाद चौक थाने पहुंची पीड़िता, जीरो पर केस
घटना के बाद महिला आजाद चौक थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जीरो पर मामला कायम किया। चूंकि घटना का क्षेत्र डीडी नगर थाना अंतर्गत आता है, इसलिए प्रकरण को आगे की जांच और कार्रवाई के लिए डीडी नगर पुलिस को ट्रांसफर किया गया।

पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, चार पकड़े गए
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और शिवा, आयुष, दुर्गा समेत एक नाबालिग को पकड़ लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटनास्थल, पीड़िता के बयान, मेडिकल जांच और उपलब्ध अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।
क्या कोई और भी है शामिल?
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में पकड़े गए आरोपियों के अलावा कोई और व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। मामले में पुलिस की जांच पूरी होने और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









