CG-ब्रेकिंग; VSK ऐप पर शिक्षकों को नहीं मिलेगी राहत, DPI के सख्त निर्देश…वरना नहीं मिलेगा वेतन

रायपुर, 17 जून 2026। छत्तीसगढ़ में शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति को लेकर लोक शिक्षण संचालनालय (DPI) ने सख्त रुख अपनाया है। VSK (विद्या समीक्षा केंद्र) ऐप को लेकर लगातार मिल रही तकनीकी शिकायतों और शिक्षकों की नाराजगी के बावजूद विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि उपस्थिति दर्ज कराने के लिए VSK ऐप का उपयोग अनिवार्य रहेगा और इसमें किसी प्रकार की छूट नहीं दी जाएगी।
जानकारी के अनुसार DPI ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, संयुक्त संचालकों और स्कूल प्रबंधन को निर्देशित किया है कि शिक्षकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति VSK ऐप के माध्यम से ही दर्ज कराई जाए। यदि कोई शिक्षक ऐप के जरिए उपस्थिति दर्ज नहीं करता है तो उसकी अनुपस्थिति दर्ज की जा सकती है और वेतन संबंधी समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं।
डीपीआई ने बताया कि आधार सक्षम बायोमैट्रिक उपस्थिति प्रणाली के संचालन के लिए संभाग, जिला और विकासखंड स्तर पर नोडल अधिकारियों की जानकारी मांगी गई थी, लेकिन अब तक कई कार्यालयों से जानकारी प्राप्त नहीं हुई है या फिर भेजी गई जानकारी त्रुटिपूर्ण पाई गई है। ऐसे में सभी अधिकारियों को निर्धारित प्रपत्र में नोडल अधिकारियों की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग के अनुसार, राज्य में शिक्षा व्यवस्था की निगरानी और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए VSK प्लेटफॉर्म लागू किया गया है। ऐप में जीपीएस आधारित उपस्थिति प्रणाली है, जिसके तहत शिक्षक स्कूल परिसर के निर्धारित दायरे में रहकर ही उपस्थिति दर्ज कर सकते हैं।
हालांकि, कई शिक्षकों ने नेटवर्क, लोकेशन और सर्वर संबंधी दिक्कतों की शिकायत की है। इसके बावजूद विभाग ने संकेत दिए हैं कि तकनीकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा, लेकिन उपस्थिति दर्ज करने की अनिवार्यता में कोई ढील नहीं दी जाएगी।
गौरतलब है कि प्रदेश के सभी स्कूलों में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ ही ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं और अधिकारियों को इसकी नियमित मॉनिटरिंग करने कहा गया है।










