विधायक और कांग्रेस नेता में जमकर बहसबाजी; सुशासन तिहार के मंच पर गरमाई सियासत, विधायक धर्मलाल कौशिक और कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला में तीखी बहस

बिलासपुर जिले के बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गोढ़ी में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा विधायक धर्मलाल कौशिक और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेंद्र शुक्ला के बीच जनता की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर तीखी नोकझोंक देखने को मिली।
कांग्रेस नेता राजेंद्र शुक्ला ने किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता, बिजली-पानी की समस्या, क्षेत्र की जर्जर सड़कों और अन्य मूलभूत सुविधाओं के मुद्दे उठाए। उन्होंने अधिकारियों की कार्यशैली और जनआवेदनों के निराकरण में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए सरकार पर सवाल खड़े किए।
वहीं विधायक धर्मलाल कौशिक ने सरकार की योजनाओं और क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों का हवाला देते हुए कांग्रेस के आरोपों का जवाब दिया। इसी दौरान दोनों नेताओं के बीच बहस तेज हो गई, जिससे कुछ समय के लिए कार्यक्रम का माहौल गरमा गया।
कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं खुलकर रखीं। जनसमस्याओं पर चर्चा और नेताओं के बीच हुई बहस के चलते कार्यक्रम काफी देर तक चर्चा का विषय बना रहा। इस दौरान दोनों दलों के समर्थकों ने नारेबाजी भी की।
स्थिति को नियंत्रित करने और कार्यक्रम को सुचारु रूप से आगे बढ़ाने के लिए अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। सुशासन तिहार के मंच पर भाजपा और कांग्रेस नेताओं के बीच हुई इस बहस ने पूरे आयोजन को राजनीतिक रंग दे दिया, जिसकी चर्चा अब पूरे क्षेत्र में हो रही है।










