GGV की केमिस्ट्री लैब में छात्रा ने जहरीला केमिकल पीया, हालत गंभीर

बिलासपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (GGV) में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब केमिस्ट्री विभाग की लैब में एक छात्रा ने संदिग्ध परिस्थितियों में वहां रखा खतरनाक रासायनिक पदार्थ पी लिया। घटना के बाद छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिससे विश्वविद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मौके पर मौजूद छात्रों और विश्वविद्यालय कर्मचारियों ने तत्काल छात्रा को प्राथमिक उपचार दिलाया और फिर उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार छात्रा की स्थिति फिलहाल गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि लैब में रखे जाने वाले खतरनाक और प्रतिबंधित रसायनों तक किसी छात्र की पहुंच कैसे हो गई, यह गंभीर जांच का विषय है। यदि सुरक्षा मानकों का सही तरीके से पालन किया जाता तो ऐसी घटना को रोका जा सकता था।
फिलहाल छात्रा द्वारा यह कदम उठाने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन मामले की जांच में जुट गए हैं। परिजनों, सहपाठियों और संबंधित लोगों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी। वहीं इस घटना ने विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और लैब प्रबंधन को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।










