स्वतंत्रता दिवस पर छत्तीसगढ़ पुलिस के 12 अफसर होंगे सम्मानित: IG गर्ग, SSP शशिमोहन समेत अधिकारियों को मिलेगा राष्ट्रपति पदक
एक को विशिष्ट सेवा पदक, 11 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को सराहनीय सेवा पदक; रायपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान होगा सम्मान

रायपुर, 13 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ पुलिस के 12 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 15 अगस्त को रायपुर में आयोजित मुख्य समारोह में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को यह सम्मान प्रदान करेंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी विशिष्ट एवं सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक देने की घोषणा की थी। अब स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान इन पदक विजेताओं को औपचारिक रूप से सम्मानित किया जाएगा।

एक अधिकारी को विशिष्ट सेवा पदक
छत्तीसगढ़ पुलिस के सहायक उप निरीक्षक रामावतार सिंह राजपूत, रक्षित केंद्र, जिला धमतरी को उनकी विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक प्रदान किया जाएगा।
11 को सराहनीय सेवा पदक
वहीं, पुलिस सेवा में उत्कृष्ट एवं सराहनीय योगदान के लिए प्रदेश के 11 अधिकारियों-कर्मचारियों को सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया जाएगा।

इनमें पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, बिलासपुर रेंज; वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह, रायगढ़; पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, रायपुर ग्रामीण; पुलिस अधीक्षक राजश्री मिश्रा, एटीएस; विशा, पुलिस मुख्यालय रायपुर; सेनानी निवेदिता पाल, 6वीं वाहिनी छसबल रायगढ़; सेनानी मनीषा ठाकुर रावटे, 20वीं वाहिनी छसबल महासमुंद; अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल, जिला पुलिस मध्य, रायपुर नगरीय; अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उनैजा खातून अंसारी, पुलिस मुख्यालय रायपुर; सहायक सेनानी जयलाल मरकाम, प्रथम वाहिनी छसबल भिलाई और प्लाटून कमांडर हजारी लाल साहू, 20वीं वाहिनी छसबल महासमुंद शामिल हैं।
15 अगस्त को मिलेगा सम्मान
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इन सभी 12 पदक विजेताओं को सम्मानित करेंगे। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को मिलने वाला यह राष्ट्रपति पदक उनके सेवाकाल में किए गए उल्लेखनीय और सराहनीय कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता माना जाता है।










