गतौरा शराब दुकान लूटकांड का खुलासा: कर्ज चुकाने रची थी साजिश, तीन आरोपी गिरफ्तार; एक फरार

बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र के गतौरा स्थित शासकीय कम्पोजिट मदिरा दुकान में हुई लूट का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मस्तूरी पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने कर्ज चुकाने के लिए शराब दुकान में रखी नकदी लूटने की साजिश रची थी।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और नीले रंग की स्कूटी, दो मोबाइल फोन, गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, धारदार चाकू और अन्य सामान बरामद किया है।

सुरक्षाकर्मियों को चाकू दिखाकर बंधक बनाया
पुलिस के मुताबिक 3 अगस्त की सुबह करीब 3:30 बजे चार नकाबपोश बदमाश काले कपड़े पहनकर गतौरा शराब दुकान पहुंचे। उस समय दुकान में सुरक्षाकर्मी साहिल राय और हरकुंवर पंकज मौजूद थे। बदमाशों ने दोनों को चाकू दिखाकर दुकान की चाबी मांगी। चाबी नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने हरकुंवर पंकज के सिर, माथे और दाहिने हाथ पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

इसके बाद दोनों सुरक्षाकर्मियों के हाथ-पैर बांध दिए गए। आरोपियों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लॉकर काटने के लिए ग्राइंडर कटर मशीन और छेनी का इस्तेमाल किया। हालांकि, वे लॉकर खोलने में सफल नहीं हो सके।
नकदी नहीं मिली तो शराब, मोबाइल और DVR ले गए

लॉकर नहीं टूटने और नकदी हाथ नहीं लगने पर बदमाशों ने दुकान के काउंटर में रखी कुछ शराब की बोतलें, दोनों सुरक्षाकर्मियों के मोबाइल फोन और CCTV कैमरों का DVR उठा लिया। इसके बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
पहले मोपका शराब दुकान को बनाया था निशाना
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे कर्ज में डूबे हुए थे और उससे छुटकारा पाने के लिए शराब दुकान से बड़ी रकम लूटने की योजना बनाई थी। इसके लिए गैस कटर, ग्राइंडर कटर मशीन, छेनी, रस्सी और चाकू समेत अन्य सामान जुटाया गया था।
वारदात से पहले चारों आरोपी देवरीखुर्द से दोपहिया वाहनों पर निकले। वे बूटा पारा-फरहदा मार्ग से मोपका स्थित शराब दुकान पहुंचे, लेकिन वहां लोगों की आवाजाही अधिक होने के कारण वारदात को अंजाम नहीं दे सके। इसके बाद चिल्हाटी-फरहदा होते हुए गतौरा पहुंचे और वहां लूट की वारदात को अंजाम दिया।
नदी में फेंक दिया CCTV का DVR
वारदात के बाद आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए CCTV कैमरों का DVR नदी में फेंक दिया था। इसके बावजूद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों के फुटेज के साथ तकनीकी साक्ष्यों की जांच की। इसी आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
तीन गिरफ्तार, एक आरोपी फरार
मामले में पुलिस ने अनिल ध्रुव उर्फ अन्ना (24), पिंटू निषाद (25) और सुशील निर्मलकर (24) को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। उनकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल दोपहिया वाहन, लूटे गए मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल औजार बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार है। उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि फरार आरोपी पहले CMS Info System कंपनी में काम करता था और शासकीय शराब दुकानों से नकद राशि कलेक्शन का काम करता था। पुलिस उसकी भूमिका की भी जांच कर रही है।
SSP के निर्देश पर बनी थी टीम
घटना के बाद पुलिस ने नकाबपोश आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह और मस्तूरी SDOP सुदीप सरकार के मार्गदर्शन में मस्तूरी पुलिस और ACCU की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ मामले की आगे की जांच कर रही है।








