सांप ने डसा तो गले में लपेटकर बाइक से अस्पताल पहुंचा युवक, डॉक्टर भी रह गए हैरान

कांकेर। सांप के काटने के बाद आमतौर पर लोग घबराकर अस्पताल पहुंचते हैं, लेकिन पखांजूर में एक युवक का अस्पताल पहुंचने का तरीका देखकर हर कोई हैरान रह गया। युवक सांप को अपने गले में लपेटकर बाइक चलाते हुए अस्पताल पहुंच गया। इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मामला कोयलीबेड़ा ब्लॉक के पखांजूर का बताया जा रहा है। युवक की पहचान देवजीत सरकार के रूप में हुई है। बताया गया कि देवजीत पिछले करीब 8 साल से इलाके में सांप पकड़ने का काम करता है और स्नेक कैचर के तौर पर लोगों के घरों से सांपों का रेस्क्यू करता है।
बीते दिनों एक घर में सांप का रेस्क्यू करते समय सांप ने देवजीत को डस लिया। इसके बाद वह सांप को पकड़कर अपने साथ बाइक में लेकर अस्पताल निकल गया। करीब 14 किलोमीटर दूर पखांजूर अस्पताल पहुंचने तक सांप उसके गले में लिपटा हुआ था।
देवजीत का कहना था कि वह सांप को इसलिए साथ लेकर आया, ताकि डॉक्टर उसकी पहचान कर सकें और इलाज में आसानी हो। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने सांप को देखा तो पता चला कि वह जहरीला सांप नहीं था। इसके बाद युवक का इलाज किया गया और उसे राहत मिली।
डॉक्टर ने कहा- ऐसी गलती दोबारा न करें
पखांजूर बीएमओ डॉ. संजीत वैष्णव ने बताया कि शुक्रवार को युवक गले में सांप लपेटकर अस्पताल आया था। उसने बताया कि रेस्क्यू के दौरान सांप ने उसे काट लिया है। सांप की पहचान के लिए वह उसे अपने साथ लेकर आया था।
डॉक्टर के मुताबिक युवक जिस सांप को लेकर आया था, उसमें जहर की प्रवृत्ति नहीं थी, इसलिए उसे जल्द राहत मिल गई। हालांकि उन्होंने इस तरह सांप को पकड़कर अस्पताल लाने को बेहद खतरनाक बताया।
डॉ. वैष्णव ने कहा कि अगर सांप जहरीला होता तो वह युवक को दोबारा भी काट सकता था। इसके अलावा बाइक चलाते समय सांप के बेकाबू होने से सड़क पर दूसरे लोगों के लिए भी खतरा पैदा हो सकता था।
डॉक्टर ने लोगों से अपील की है कि सांप जहरीला हो या नहीं, उसे पकड़कर या गले में लपेटकर इस तरह की हरकत बिल्कुल न करें। सांप के काटने की स्थिति में बिना देरी किए सीधे अस्पताल पहुंचें और सांप को पकड़ने की कोशिश न करें।










