सुशासन तिहार में अनोखी तस्वीर, दिव्यांग का आवेदन लेने खुद मंच से नीचे आए अरुण साव, सीढ़ियों पर बैठकर सुनी समस्या
CG News: सुशासन तिहार के तहत कोरबा जिले के विकासखंड पाली के डोंगानाला गांव में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में डिप्टी सीएम अरुण साव का मानवीय चेहरा सामने आया है. ग्राम मादन निवासी दिव्यांग युवक कपिल के आवेदन पर जैसे ही उपमुख्यमंत्री अरुण साव की नजर पड़ी, वह खुद मंच से नीचे उतरकर मंच की सीढ़ियों पर बैठ गए.
कोरबा। सुशासन तिहार के तहत कोरबा जिले के पाली विकासखंड के डोंगानाला गांव में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में उस समय भावुक और प्रेरणादायक दृश्य देखने को मिला, जब उपमुख्यमंत्री Arun Sao एक दिव्यांग युवक की समस्या सुनने स्वयं मंच से नीचे उतर गए।
ग्राम मादन निवासी दिव्यांग युवक कपिल अपनी समस्या लेकर शिविर में पहुंचा था। उसने आवेदन के माध्यम से ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने की मांग की थी। आवेदन पर नजर पड़ते ही उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने अधिकारियों को बुलाने के बजाय खुद मंच से नीचे आकर युवक के पास बैठकर उसकी परेशानी सुनी।

कपिल ने बताया कि दिव्यांगता के कारण उसे रोजमर्रा के कार्यों और आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उसकी बात सुनने के बाद डिप्टी सीएम ने तत्काल अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
प्रशासन ने भी तत्परता दिखाते हुए कुछ ही देर में कपिल को ट्राइसाइकिल उपलब्ध करा दी। ट्राइसाइकिल मिलते ही युवक के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी। उसने मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उसका आवागमन आसान हो जाएगा और वह अपने दैनिक कार्य अधिक आत्मनिर्भरता के साथ कर सकेगा।

शिविर में मौजूद लोगों ने भी इस पहल की सराहना की। एक ओर जहां प्रशासनिक शिविर में समस्याओं का निराकरण किया जा रहा था, वहीं डिप्टी सीएम का मंच से उतरकर दिव्यांग युवक की समस्या सुनना और उसका तत्काल समाधान कराना चर्चा का विषय बना रहा। लोगों ने इसे संवेदनशील प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की मानवीय सोच का उदाहरण बताया।











