महादेव सट्टा…सौरभ चंद्राकर की 1700 करोड़ की संपत्तियां अटैच:सट्टे के पैसे से खरीदा था बुर्ज खलीफा में अपार्टमेंट, दुबई में 18 प्रॉपर्टी जब्त
मामले में अब तक 13 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि 74 लोगों को आरोपी बनाया गया है. ईडी ने पूरे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को तोड़ने की कार्रवाई तेज कर दी है.

CG News: छत्तीसगढ़ में महादेव ऑनलाइन सट्टा केस में ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है. ई़डी ने देश-विदेश में करीब 1700 करोड़ की अवैध संपत्तियों को अटैच कर दिया है. ईडी ने दुबई और दिल्ली की 20 अचल संपत्तियों को अटैच किया है. इसमें बुर्ज खलीफा समेत लग्जरी विला और अपार्टमेंट भी शामिल हैं.
सौरभ चंद्राकर समेत उसके सहयोगियों की संपत्तियां जब्त

महादेव ऑनलाइन सट्टा केस में ईडी ने सौरभ चंद्राकर समेत उसके सहयोगियों की संपत्तियां जब्त की हैं. जांच में पाया गया है कि अवैध सट्टेबाजी से कमाई गई रकम का खुलासा हुआ है. हवाला और क्रिप्टो के जरिए पैसे को विदेश भेजा गया था. देशभर में ईडी ने 175 ठिकानों पर छापेमारी की थी. मामले में अब तक 13 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि 74 लोगों को आरोपी बनाया गया है. ईडी ने पूरे अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को तोड़ने की कार्रवाई तेज कर दी है.
वेबसाइट में हेरफेर करके की गई ठगी

महादेव ऑनलाइन बुकिंग एप्लिकेशन को कई अवैध सट्टेबाजी वेबसाइटों और मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए ग्राहक बनाए गए.इन वेबसाइटों के जरिए अवैध सट्टेबाजी की गई थी. वेबसाइट में इस तरह प्रोसेस किया गया कि सट्टेबाजी करने वाले सभी ग्राहकों को नुकसान उठाना पड़ा.
हजारों करोड़ की धनराशि इकट्ठा की गई

ऑनलाइन वेबसाइट में सट्टेबाजी की बुकिंग करके हजारों करोड़ की धनराशि इकट्ठा की गई. इसके अलावा फर्जी या चोरी किए गए केवाईसी का इस्तेमाल करके बैंक खाते भी खोले गए. सट्टेबाजी में ना तो वित्तीय लेनदेन का हिसाब रखा गया और ना ही उन्हें टैक्स के दायरे में रखा गया.









