लोन मिला नहीं, फिर भी किश्त भरने का दबाव! बैंक मैनेजर और FOS पर ग्रामीण ने लगाए गंभीर आरोप
बिलासपुर। पचपेड़ी क्षेत्र के ग्राम पकरिया के एक ग्रामीण ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के बैंक मैनेजर और फील्ड ऑफिसर (FOS) पर गंभीर आरोप लगाते हुए SP से शिकायत की है। ग्रामीण का कहना है कि पशुपालन लोन दिलाने के नाम पर उससे सभी जरूरी दस्तावेज ले लिए गए, लेकिन बाद में बताया गया कि लोन स्वीकृत नहीं हुआ। अब उसी लोन की किश्त जमा करने का दबाव बनाया जा रहा है।
ग्राम पकरिया निवासी दिलीप कुमार लहरे ने अपनी शिकायत में बताया कि वर्ष 2024 में बैंक के मैनेजर सुमंत चौधरी और FOS रिकेश साहू उनके घर पहुंचे थे। उस दौरान उन्होंने सरकारी योजना के तहत पशुपालन के लिए लोन दिलाने का भरोसा दिया। इसके लिए आधार कार्ड, पैन कार्ड, ऋण पुस्तिका, बी-1, बी-2, निवास प्रमाण पत्र और अन्य दस्तावेज जमा कराए गए।

दिलीप का आरोप है कि कुछ समय बाद जब उन्होंने अपने आवेदन की स्थिति जाननी चाही तो उन्हें बताया गया कि उनका लोन स्वीकृत नहीं हुआ और आवेदन निरस्त हो गया है। इसके बाद वे रोजी-रोटी की तलाश में दूसरे राज्य के ईंट-भट्ठे में काम करने चले गए।
पीड़ित का कहना है कि हाल ही में बैंक के अधिकारी फिर उनके घर पहुंचे और ऋण की किश्त जमा करने की बात कहने लगे। जब उन्होंने पूछा कि बिना ऋण राशि मिले वे किस बात की किश्त भरें, तो उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस दौरान उन्हें धमकाया गया और जेल भेजने तक की चेतावनी दी गई।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि बातचीत के दौरान बैंक मैनेजर ने कथित तौर पर जातिसूचक टिप्पणी की, जिससे उन्हें मानसिक रूप से ठेस पहुंची। उन्होंने इसे अपमानजनक बताते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की है।
दिलीप कुमार लहरे ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

हालांकि, इस मामले में बैंक प्रबंधन या संबंधित अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वास्तविक स्थिति क्या है और आरोपों में कितनी सच्चाई है।










