CSPTCL IPO: शेयर बाजार में एंट्री की तैयारी, IPO लाएगी छत्तीसगढ़ पावर ट्रांसमिशन कंपनी
रायपुर, 2 मई 2026। छत्तीसगढ़ पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (CSPTCL) प्रदेश की पहली ऐसी सरकारी कंपनी बन सकती है, जिसके शेयर शेयर बाजार में कारोबार के लिए सूचीबद्ध हों। कंपनी द्वारा प्रारंभिक सार्वजनिक निर्गम (IPO) लाने की संभावना पर शासन और कंपनी स्तर पर गंभीर विचार-विमर्श किया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, IPO के माध्यम से कंपनी आम निवेशकों से पूंजी जुटाने की योजना बना रही है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद CSPTCL अपनी हिस्सेदारी का एक हिस्सा सार्वजनिक निवेशकों के लिए जारी करेगी। इसके बाद कंपनी के शेयर स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध होंगे और निवेशक उनकी खरीद-बिक्री कर सकेंगे।

कंपनी के शेयर बाजार में आने से उसके वित्तीय संसाधनों में वृद्धि होने के साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर पहचान भी मजबूत होगी। विशेषज्ञों का मानना है कि सूचीबद्ध होने के बाद कंपनी की पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ेगी तथा निवेशकों का विश्वास भी मजबूत होगा।
गौरतलब है कि इससे पहले छत्तीसगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) वित्तीय वर्ष 2014-15 और 2015-16 में बॉन्ड जारी कर बाजार से पूंजी जुटा चुकी है। अब ट्रांसमिशन कंपनी भी निवेश आकर्षित करने के लिए IPO के विकल्प पर विचार कर रही है।

CSPTCL के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने बताया कि देश के कई राज्यों की विद्युत कंपनियां तथा केंद्र सरकार की अनेक ऊर्जा कंपनियां पहले से ही शेयर बाजार में सूचीबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि CSPTCL के IPO को लेकर शासन स्तर पर चर्चा जारी है और अंतिम निर्णय राज्य सरकार द्वारा लिया जाएगा।
यदि यह प्रस्ताव अमल में आता है, तो प्रदेश के आम नागरिक भी कंपनी में निवेश कर उसके हिस्सेदार बन सकेंगे। साथ ही भविष्य में कंपनी के बेहतर प्रदर्शन और लाभ में वृद्धि होने पर निवेशकों को डिविडेंड का लाभ मिलने की संभावना भी रहेगी।











