CG- छुट्टी की घोषणा : मुख्यमंत्री ने किया छुट्टी का ऐलान, जानिये कब रहेगी ये छुट्टी

अंबिकापुर, 19 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में अग्रवाल समाज की लंबे समय से चली आ रही मांग पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शनिवार को बड़ा ऐलान किया है। अब प्रदेश में अग्रसेन जयंती के अवसर पर सरकारी अवकाश रहेगा। मुख्यमंत्री ने अंबिकापुर में आयोजित अग्र महाकुंभ सम्मेलन के मंच से यह घोषणा की। ऐलान के बाद सम्मेलन में मौजूद अग्रवाल समाज के प्रतिनिधियों ने खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
अंबिकापुर के होटल ग्रैंड वसंत में आयोजित दो दिवसीय अग्र महाकुंभ सम्मेलन में प्रदेशभर से अग्रवाल समाज के प्रतिनिधि जुटे हैं। इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बतौर अतिथि पहुंचे और अग्रसेन जयंती पर सरकारी छुट्टी की घोषणा की।

मुख्यमंत्री के इस ऐलान को सम्मेलन की प्रमुख घोषणाओं में से एक माना जा रहा है। हालांकि, अवकाश किस तारीख को होगा और इसे लेकर औपचारिक सरकारी अधिसूचना कब जारी होगी, इसकी जानकारी सामने आना बाकी है।
शिक्षा, व्यापार और समाजसेवा में योगदान की सराहना
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अग्रवाल समाज के सामाजिक योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने शिक्षा, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों के क्षेत्र में समाज की भूमिका की सराहना की। मुख्यमंत्री ने समाज की सामाजिक जिम्मेदारियों और प्रदेश के विकास में उसके योगदान पर भी बात रखी।

दशम अग्र अलंकरण समारोह का भी आयोजन
अग्र महाकुंभ सम्मेलन के साथ दशम अग्र अलंकरण समारोह का भी आयोजन किया जा रहा है। इसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों और प्रतिभाओं को सम्मानित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के अलावा कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल, अमर अग्रवाल और सांसद चिंतामणि महाराज समेत बड़ी संख्या में अग्रवाल समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अग्रसेन जयंती पर सरकारी अवकाश की घोषणा के बाद अब सभी की नजर इस संबंध में जारी होने वाली आधिकारिक अधिसूचना पर है।










