बिलासपुर में एवरेस्ट ब्रांड के नकली मसालों का बड़ा भंडाफोड़: व्यापार विहार में खाद्य विभाग का छापा, लाखों का माल जब्त, दुकान सील
बिलासपुर, 5 मई 2026। शहर के सबसे बड़े थोक बाजार व्यापार विहार में नकली मसालों के कारोबार पर राजस्व विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हड़कंप मचा दिया है। एक ट्रांसपोर्टिंग कंपनी से जुड़े दुकान पर छापा मारकर लाखों रुपए का नकली मसाला जब्त किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, टीम ने “बालाजी मूवर्स एंड पैकर्स” नामक दुकान में दबिश दी, जहां प्रसिद्ध एवरेस्ट ब्रांड के नाम पर नकली मसाले बेचे जाने की तैयारी थी। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही, जिसने मसालों के सैंपल लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।

छापेमारी के दौरान संबंधित दुकान और गोदाम को तत्काल सील कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जब्त किया गया माल बाजार में खपाने के लिए तैयार किया जा रहा था।
खास बात यह है कि इस पूरे मामले में कार्रवाई खुद एवरेस्ट कंपनी की शिकायत के बाद की गई। कंपनी के प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे और स्पष्ट किया कि जब्त मसाले उनके ब्रांड के असली उत्पाद नहीं हैं।

अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। फिलहाल जब्त माल का पंचनामा कर विस्तृत जांच जारी है।
गौरतलब है कि व्यापार विहार बिलासपुर संभाग का प्रमुख थोक बाजार है, जहां पहले भी नकली सामान के कई मामले सामने आ चुके हैं। हाल ही में यहां से नकली डिटर्जेंट और नकली गोल्ड फ्लैक सिगरेट भी बरामद हुई थी। लगातार हो रही ऐसी कार्रवाइयों से व्यापार विहार में दहशत और सतर्कता दोनों का माहौल बना हुआ है।










